मरीजों की एक्सरे रिपोर्ट अब सीधे पहुंचेगी डॉक्टर के कंप्यूटर पर
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कथेड़ में बन रहे क्षेत्रीय अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए आधुनिक एक्सरे सेटअप लगाने की तैयारी है। इसके तहत मरीजों की रिपोर्ट अब फिल्म पर नहीं, बल्कि सीधे डॉक्टरों के टेबल पर लगे कंप्यूटर पर पहुंचेगी। इससे मरीजों को जांच करवाने के बाद रिपोर्ट लेने के लिए दोबारा लैब के बाहर इंतजार नहीं करना पड़ेगा और रिपोर्ट खोने का खतरा भी नहीं रहेगा।
मरीजों को आधुनिक सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से जल्द ही सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इससे पहले प्रशासन डॉक्टरों को प्रशिक्षण भी दे रहा है। प्रदेश के उन अस्पतालों का दौरा कर डॉक्टर व्यवस्था का अध्ययन कर रहे हैं, जहां यह सेटअप पहले से स्थापित है। इससे कथेड़ अस्पताल में सेटअप लगने के बाद उसे तुरंत शुरू करने में सुविधा होगी। फिलहाल इसके लिए स्थान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में एक्सरे मशीन से रिपोर्ट फिल्म पर ही दी जा रही है। ऐसे में मरीजों को रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए करीब आधा घंटा इंतजार करना पड़ता है।
दांतों के एक्सरे की सुविधा नहीं
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में अभी दांतों के एक्सरे की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते लोगों को निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा है, जहां लगभग 300 रुपये खर्च कर दांतों का एक्सरे करवाना पड़ता है। नए अस्पताल में लोगों को दांतों के एक्सरे की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
सेटअप लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। फिलहाल डॉक्टरों का प्रशिक्षण भी चल रहा है। आधुनिक सेटअप स्थापित होने से मरीजों की रिपोर्ट सीधे डॉक्टर के कंप्यूटर तक पहुंच जाएगी, जिससे मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी।
डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन