बद्दी के वार्ड दो में कन्या पूजन करते हुए स्थानीय लोग- संवाद।
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बीबीएन क्षेत्र में दुर्गा अष्टमी का पर्व श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। माता के नवरात्र का उपवास रखने वाले लोगों ने कन्या पूजन के बाद विधिवत रूप से व्रत खोला। दुर्गाष्टमी के दिन बीबीएम के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। देवी मां के मंदिरों के बाहर कंजकाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों ने मंदिर के बाहर इकट्ठी कन्याओं को हलवा पुरी का प्रसाद दिया और अपने-अपने ड्यूटी पर रवाना हो गए। कन्याओं के पूजन में भी उत्साह देखा गया। कई कन्याओं को अलग-अलग घरों से भोजन के लिए बुलाया गया था, जिसे थालियों में भरकर घर लाया गया। बद्दी की शकुंतला देवी और कौशल्या देवी ने बताया कि उपवास रखने वाले लोगों की भीड़ लगातार जुटी रही और कन्याओं को एक घर में पूजन होने के बाद दूसरे लोग उन्हें ले जाने के लिए इंतजार करते थे। शिव मंदिर के महंत प्यारे लाल ने कहा कि उद्योग क्षेत्रों में काम करने वाले कामगारों ने खुद हलवा-पुरी बनाकर आई कन्याओं को प्रसाद दिया। कुछ लोगों ने अष्टमी बुधवार को मनाई, जबकि अधिकांश ने इसे वीरवार को मनाया।