सोलन। नागरिक अस्पताल कंडाघाट के लिए अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदने की मंजूरी दी गई है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की पुरानी अल्ट्रासाउंड मशीन को जैविक कचरे के रूप में निपटान को स्वीकृति दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में पूर्व गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान पर वीरवार को बैठक का आयोजन किया जिसमें ये निर्णय लिए गए।
इस बैठक में सीएमओ डॉ. राजन उप्पल ने कहा कि जिले में वर्तमान में कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण के साथ-साथ लिंगानुपात में समानता लाने के लिए विभिन्न स्तरों पर योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्भ में पल रहे शिशु की लिंग जांच अपराध है।
जिले में अभी तक कुल 33 अल्ट्रासाउंड क्लीनिक पंजीकृत हैं। इस बैठक में जिला न्यायवादी एमके शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा, डॉ. संदीप जैन, डॉ. मनीष मित्तल, डॉ. धर्मेंद्र बैठक में उपस्थित रहेे।