अर्की के मलोखर में आयोजित किया गया दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। त्रिदेव दंगल समिति की ओर से आयोजित मलोखर दंगल का खिताब जोंटी गुर्जर दिल्ली पहलवान के नाम रहा। उन्होंने विदेशी पहलवान जलाल ईरानी को पटखनी दी। समिति की ओर से विजेता पहलवान को गुर्ज के साथ 61 हजार रुपये तथा उपविजेता को 51 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।
समिति के सदस्य हरि पंवर ने बताया कि दंगल में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू सहित देश के कई राज्यों के अलावा विदेशी पहलवानों ने भी भाग लिया। उन्होंने बताया कि दंगल दोपहर 1:00 बजे शुरू हुआ और रात 8:30 बजे तक चला। सबसे पहले स्थानीय पहलवानों की कुश्तियां करवाई गईं, इसके बाद प्रदेश और बाहरी राज्यों से आए पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया। बाहर से आए नामी पहलवानों का अखाड़े के बीच परिचय करवाकर उन्हें सम्मानित भी किया गया।
दंगल के दौरान कई कड़े मुकाबले देखने को मिले। सुमित ऊना और जाबन पट्टी के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद नवीन मंडी ने जग्गा अजनाला को हराया। बिल्लू होशियारपुर ने नोनू चंडीगढ़ को रोमांचक मुकाबले में शिकस्त दी।
इससे पहले समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों द्वारा मां नैना माता मंदिर से कुश्ती अखाड़े तक शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर हरिराम पंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जुल्फीराम शर्मा विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
कार्यक्रम में दंगल समिति प्रधान कर्मचंद महाजन, उपप्रधान भीम लाल शुक्ला, सचिव जोगिंद्र चंदेल, सहसचिव पवन ठाकुर, कोषाध्यक्ष राजीव महाजन, सह कोषाध्यक्ष लाला ठाकुर, सलाहकार लेखराम, हरि पंवर, बाबूराम गौतम, प्रेम ठाकुर, प्रेमलाल शर्मा, जीतराम शर्मा, सुंदरराम, बाबूराम, विपिन, लालमन, हेमराज और धर्मपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।