पीलिया थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सोलन अस्पताल में पीलिया के 15 मामले सकारात्मक पाए गए हैं। सभी मामले सोलन व आसपास के क्षेत्रों के हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दरोच से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन जिला में पीलिया बीमारी से संबंधित कुल 46 परीक्षण किए गए। इनमें से 15 मामले सकारात्मक पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीलिया के मरीजों को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिले में दूषित जल से होने वाले संक्रामक रोगों से बचाव की जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पेयजल को 20 मिनट तक उबालने के बाद ही सेवन करें। मरीज को उल्टी व दस्त होने पर उपचार के लिए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाएं।