सीवरेज लाइन सुचारू होने से लोगों ने राहत की सांस ली
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। गुल्लरवाला में जलशक्ति विभाग ने सीवरेज के चैंबर को ठीक कर दिया है। जानकारी के अनुसार बद्दी-साई रोड पर गुल्लरवाला गांव में स्थित अरिष्ट कंपनी के गेट के बाहर सीवर की समस्या लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई थी। यहां पर सीवरेज चैंबर ब्लॉक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा था। जिस कारण बदबू से राहगीरों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया था। दुकानदार सुनील कौंडल, दिनेश पटेल, डॉ धर्म पाल धीमान, विशाल मित्तल, हेम राज कोहली, प्रमोद सिंह, नारायण रघुवंशी, संजय व ममता ने बताया कि गंदे पानी की बदबू से उनका दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया था। वहीं इसका असर उनके व्यापार पर भी पड़ रहा था। गंदगी के चलते ग्राहक दुकान नहीं आ रहे थे। जब गाड़ियां सीवर वाले पानी के ऊपर से गुजरती थीं तो गंदे पानी के छींटे राहगीरों पर पड़ते थे। 27 मार्च को अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद विभाग हरकत में आया और सीवरेज लाइन को सुचारू किया। उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल ने बताया कि लोग सीवरेज लाइन में पॉलिथीन डाल रहे हैं। इससे यह लाइन जाम हो रही है। विभाग के कर्मचारियों ने लाइन को सुचारू कर दिया।