संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी के हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के फेज-दो स्थित काली बाड़ी मंदिर में भगवान शिव व हनुमान की मूर्ति स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध, दही, गंगाजल, शहद व गन्ने के रस से जलाभिषेक किया गया। मंदिर के पुजारी वैद्यनाथ ने पूजा-अर्चना कराई। इसके साथ हनुमान भगवान की मूर्ति पर सिंदूर लगाया गया उसके बाद उन्हें चोला चढ़ाया गया। पूजा-अर्चना में शंकर सिंह, सुमत राय, भगवान सैणी, आदित्य, जोगिंद्र सिंह ने पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस मौके पर स्थानीय महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान की आराधना की। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हाउसिंग बोर्ड समेत बद्दी के लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शिव व हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।