एडवाइजरी बोर्ड ने नशा तस्करों पर नकेल कसने के चलते लिया फैसला
कंडाघाट क्षेत्र में चिट्टे के साथ बार-बार पकड़ा जा रहा था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला पुलिस ने नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए आदतन अपराधियों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कंडाघाट क्षेत्र के नशा तस्कर अंकुश ठाकुर की जेल अवधि को एडवाइजरी बोर्ड ने अतिरिक्त तीन माह के लिए बढ़ा दिया है। नशा तस्करी की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड ने आरोपी को निरंतर हिरासत में रखने के आदेश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार, सिरीनगर (कंडाघाट) निवासी अंकुश ठाकुर क्षेत्र में चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों की सप्लाई के लिए कुख्यात है। पुलिस ने उसे कई बार गिरफ्तार किया, लेकिन जमानत पर बाहर आते ही वह फिर से तस्करी में संलिप्त हो जाता था। उसकी इन्हीं आदतों को देखते हुए उसे पहले तीन माह के लिए जेल भेजा गया था। अब एडवाइजरी बोर्ड ने नशा प्रचलन को रोकने के लिए उसकी निवारक हिरासत को तीन महीने और विस्तार दे दिया है।एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ जिला पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब तक मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त कुल 10 आदतन अपराधियों को इसी प्रक्रिया के तहत जेल भेज चुकी है। पुलिस की ओर से यह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी ताकि युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाया जा सके।