संजीव वर्मा को सौंपी सचिव की कमान, नई कार्यकारिणी के अधिष्ठापन समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। रोटरी क्लब बद्दी के सत्र 2025-26 के लिए जगदीप अरोड़ा को अध्यक्ष व संजीव वर्मा को सचिव नियुक्त किया गया। इस अवसर पर आयोजित अधिष्ठापन समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ फर्स्ट लेडी शालिनी प्रकाश भी समारोह में शामिल हुईं। मुख्यातिथि ने पूर्व अध्यक्ष कविता बंसल की टीम के कार्यों की सराहना की। विशेष रूप से सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य शिविर, पौधरोपण एवं शिक्षा क्षेत्र में क्लब के योगदान को सराहा। नई कार्यकारिणी से भी आगामी वर्ष के लिए समाज हित में अधिक प्रेरणादायक कार्य करने का आह्वान किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगदीप अरोड़ा ने कहा कि रोटरी क्लब बद्दी आने वाले वर्ष समाज के जरुरतमंद वर्गों के लिए खेल, चिकित्सा सेवाएं एवं पौधरोपण जैसे क्षेत्रों में विशेष रूप से कार्य करेगा।