संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन) राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाड़ली में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम (कृषि क्षेत्र) के तहत पुष्पोत्पादन एवं अनाज फसलों विषय पर विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश कौशल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था। आधुनिक कृषि तकनीकों पर दिया बल अतिथि वक्ता संजीव ठाकुर ने विद्यार्थियों को पुष्पोत्पादन और अनाज फसलों की वैज्ञानिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल प्रबंधन और बाजार की मांग के अनुरूप खेती करने के व्यावहारिक उदाहरण साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे तकनीक अपनाकर कृषि को एक लाभप्रद उद्यम बनाया जा सकता है। स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा व्यावसायिक प्रशिक्षक अनामिका शर्मा और समन्वयक रविंद्र कुमार के सहयोग से आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ता ने कृषि क्षेत्र में उद्यमिता और भविष्य के करियर विकल्पों पर भी प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य कैलाश कौशल ने अतिथि वक्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षणिक संवाद विद्यार्थियों के कौशल विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। इससे छात्र न केवल किताबी ज्ञान हासिल करते हैं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त करते हैं।