बेहतरीन कार्य करवाने में जिला कुल्लू नंबर एक पर, जिला कांगड़ा, मंडी और सोलन चल रहे सबसे पीछे
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्कूलों में संचालित ईको क्लब की गतिविधियों को अब अनिवार्य रूप से यू-डाइस पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसमें जानकारी अपलोड न करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू है। जानकारी के अनुसार अभी तक कुल्लू जिला डाटा अपलोडिंग में पहले, सिरमौर दूसरे और चंबा तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, कांगड़ा, मंडी और सोलन जिले के स्कूलों का प्रदर्शन सबसे कम रहा। संबंधित जिलों के कई स्कूलों ने अभी तक गतिविधियों की जानकारी अपलोड नहीं की है। समग्र शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को चेतावनी दी है और निर्देश दिए हैं कि सभी ईको क्लब गतिविधियों की रिपोर्ट जल्द से जल्द पोर्टल पर अपलोड की जाए। इसके लिए प्रत्येक स्कूल को अलग-अलग आईडी प्रदान की गई है। इसमें वे अपनी गतिविधियां अपलोड कर सकें। ईको क्लब के तहत स्कूलों में पौधरोपण, हरित गतिविधियां, वेस्ट मैनेजमेंट, प्लास्टिक-फ्री स्कूल अभियान, जल संरक्षण और ऊर्जा बचत जैसी पर्यावरणीय गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। विभाग ने कहा कि इन गतिविधियों की रिपोर्ट समय पर न मिलने से छात्रों की पर्यावरणीय जागरूकता की निगरानी प्रभावित हो रही है।