निजी क्षेत्र के श्रमिकों के समर्थन में उतरा बीएमएस, आंदोलन की चेतावनी
सरकार ने 25 रुपये बढ़ोतरी की घोषणा है की
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की सीमेंट उद्योग दाड़लाघाट इकाई ने प्रदेश सरकार और श्रम विभाग से निजी क्षेत्र के श्रमिकों के लिए बजट में घोषित 25 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी की अधिसूचना जल्द जारी करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सरकारी विभागों के दिहाड़ीदारों को बढ़ोतरी का लाभ मिल चुका है, जबकि निजी क्षेत्र के लाखों कामगार अभी भी इसका इंतजार कर रहे हैं। देरी के कारण श्रमिकों के त्योहार भी फीके रहे।
अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के महामंत्री ओम प्रकाश शर्मा और अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिसूचना में देरी को लेकर लेबर एन्फोर्समेंट ऑफिसर से दूरभाष पर बातचीत की गई थी। इस दौरान विभाग की ओर से बताया गया कि केंद्र सरकार की ओर से फ्लोर वेज निर्धारित किए जाने के बाद ही प्रदेश सरकार निजी क्षेत्र के लिए अंतिम अधिसूचना जारी करेगी।
बीएमएस पदाधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि फ्लोर वेज निर्धारित करने की प्रक्रिया में समय लग सकता है, लेकिन इसके बहाने प्रदेश के श्रमिकों का हक रोकना उचित नहीं है। महंगाई के दौर में सीमेंट उद्योग सहित अन्य क्षेत्रों के अकुशल, अर्धकुशल और कुशल श्रमिक इस देरी से परेशान हैं।
ओमप्रकाश शर्मा और संगठन के पदाधिकारियों ने मांग की कि एक अप्रैल 2026 से देय 25 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी की अधिसूचना जल्द जारी की जाए। साथ ही निजी कंपनियों को अप्रैल से अब तक का पूरा एरियर एकमुश्त भुगतान करने के निर्देश दिए जाएं। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार, महामंत्री नरेश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष टेकचंद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रूपलाल, प्रेस रिपोर्टर गोविंद राम, कोषाध्यक्ष रुवेश कुमार सहित राकेश कुमार, दीपचंद, विनोद कुमार, शेर सिंह, भुवनेश्वर कुमार और नरेंद्र कुमार ने रोष जताया।