फाइनल मुकाबले में साहिल कोहाली को हरा 51 हजार का जीता इनाम
पहलवान बाज के नाम रही छोटी माली का खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। दून विधानसभा क्षेत्र के भूपनगर में आयोजित दंगल ईरान के पहलवान होदी ने जीता। उन्होंने साहिल कोहली पहलवान को हराया। दंगल में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के करीब 250 पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। विजेताओं और उपविजेताओं को कुल पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। वीरवार देररात तक चले इस रोमांचक दंगल में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। दंगल की बड़ी माली का मुख्य मुकाबला ईरान के होदी और साहिल कोहाली के बीच हुआ। कड़े संघर्ष के बाद होदी ने यह मुकाबला जीतकर बड़ी माली अपने नाम की। विजेता होदी को 51 हजार रुपये और उपविजेता साहिल कोहाली को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। छोटी माली का मुकाबला पहलवान बाज और विजय के बीच हुआ, जिसमें बाज विजयी रहे। छोटी माली के विजेता बाज को 31 हजार रुपये और उपविजेता विजय को 30 हजार रुपये दिए गए। कुश्ती दंगल समिति के प्रधान नरेश कुमार प्रजापति ने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 250 पहलवानों ने भाग लिया। सभी पहलवानों को उनकी कुश्तियों के अनुसार नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में विधायक राम कुमार चौधरी और पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी भी उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे