लोगों ने दोनों की पिटाई के बाद किया पुलिस के हवाले
इससे पहले भी स्कूल में हो चुकी हैं कई चोरी की घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ के राजकीय माध्यमिक स्कूल मेसी प्लासी में चोरी के इरादे से घुसे दो युवाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई की। बाद में लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले भी कर दिया।
स्कूल के शास्त्री नारायण दत्त ने बताया कि मेसी प्लासी स्कूल में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं हो रही थीं। चोर खिड़की से जाली व सरिया तोड़ कर स्कूल में प्रवेश करते थे और स्कूल से बर्तन आदि चोरी कर रहे थे। एक सप्ताह पहले खिड़की तोड़कर चोरों ने यहां पर मिड डे मिल योजना के तहत खाना बनाने के बर्तन चोरी कर लिए। दो दिन बाद यह बर्तन स्कूल से कुछ दूरी पर खेत में पड़े हुए मिले। उसके बाद दोबारा खिड़की जाली फाड़ कर अंदर घुसे लेकिन खिड़की से कोई बड़ी चीज नहीं निकाल पाए जबकि स्कूल के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था।
वीरवार को दोपहर एक बजे स्कूल बंद हो गया। स्कूल बंद होने के बाद दो युवा खिड़की से अंदर घुस गए। वहां पर किसी ग्रामीण ने उन्हें स्कूल में अंदर जाते हुए देख लिया। जिस पर ग्रामीणों ने इन दोनों युवाओं की जम कर धुनाई की और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी और पकड़े गए युवाओं से पूछताछ की जा रही है।
फोटो बद्दी दो