50 हजार रुपये से ज्यादा की नकदी ले जाने पर दस्तावेज दिखाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव प्रक्रिया से संबंधित नोडल अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को मतदान से पूर्व अंतिम 72 घंटों के लिए आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि क्रिटिकल मतदान केंद्रों में वेब कास्टिंग सुविधा सहित सभी मतदान केंद्रों में पीठासीन अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मतदान केंद्रों में लगाए गए वीडियो कैमरे पूरे कक्ष को कवर करते हों और मतदाता के वोट की गोपनीयता भी भंग न होने पाए।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। उड़न दस्ते एवं स्थैतिक निगरानी दल भी निर्धारित समयावधि में अपनी रिपोर्ट निरंतर भेजते रहेंगे। चुनावी व्यय पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इस अवधि में 50 हजार रुपये से ज्यादा की नकदी साथ लेकर चलने वालों को इससे संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे अन्यथा यह राशि जब्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मुफ्त उपहारों के आदान-प्रदान पर भी कड़ी नजर रखी जाए।
उपायुक्त ने कहा कि अंतर जिला एवं अंतर राज्य नाकों पर मद्य पदार्थों की अवैध तस्करी एवं आवंटन पर भी कड़ी नजर बनाए रखें। सभी नोडल अधिकारी नियंत्रण कक्ष से संपर्क बनाए रखें और प्रत्येक तीन घंटे में दी जाने वाली रिपोर्ट निर्धारित प्रपत्र पर भेजना सुनिश्चित करें। शराब की बिक्री एवं वितरण पर कड़ी पाबंदी सहित कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। ओपिनियन पोल और मतदान सर्वेक्षण के परिणाम प्रसारित करने पर भी पाबंदी रहेगी।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार, सहायक आयुक्त विवेक शर्मा सहित सभी नोडल अधिकारी, तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान व नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।