वर्तमान में 27 कुत्तों की हुई है नसबंदी
सोलन। नगर निगम सोलन के आयुक्त और संयुक्त आयुक्त ने बुधवार को एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर का औचक निरीक्षण कर लावारिस कुत्तों की देखभाल और उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सेंटर में व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं और पशुओं के उपचार, देखभाल तथा ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ के लिए जरूरी प्रबंध किए गए हैं।
वर्तमान में एबीसी सेंटर में 27 कुत्तों की नसबंदी के बाद उनकी देखभाल की जा रही है। कुत्तों को नियमित उपचार और पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। आयुक्त ने सेंटर में साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से मुआयना किया और कर्मचारियों को पशुओं की देखभाल के निर्धारित मानकों को बनाए रखने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त राजदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि पशुओं के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।