फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan News: गण की सेर में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का लोकार्पण

विज्ञापन
विज्ञापन
राज्यपाल ने अभिभावकों से शिक्षा को संस्कार से जोड़ने पर दिया जोर
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को सोलन जिले के गण की सेर स्थित माधव सृष्टि बहु-आयामी शिक्षण संस्थान में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने शिक्षा को संस्कार, स्वास्थ्य, योग और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी की जयंती पर हुआ। महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के आदर्शों को स्मरण किया गया। राज्यपाल ने गांधी इन शिमला पुस्तक के लेखक विनोद भारद्वाज को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान और रोजगार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसका मुख्य ध्येय बच्चों में चरित्र, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय चेतना विकसित करना होना चाहिए। उन्होंने बताया कि हिमाचल शिक्षा समिति विद्या भारती के मार्गदर्शन में 178 सरस्वती विद्या मंदिर संचालित कर रही है। राज्यपाल ने माधव सृष्टि परिसर के प्रयासों की सराहना की। यह परिसर शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, गोसेवा, औषधीय पौधों और कौशल विकास को एक साथ जोड़ता है। उन्होंने माधव गोशाला के देसी नस्लों के संरक्षण में योगदान का उल्लेख किया।
विज्ञापन

माधव योग आश्रम का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की समृद्ध परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। यह स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देता है। उन्होंने योग भारती हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग, प्राणायाम और ध्यान का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने माधव वनस्पति विहार की पहल की भी सराहना की।
विज्ञापन

नया प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र माधव सृष्टि परिसर की सेवा गतिविधियों को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाओं की सफलता का आकलन उनके लाभों और स्थानीय समुदाय के सकारात्मक विकास पर आधारित होना चाहिए। इससे पहले, विद्या भारती अखिल भारतीय महामंत्री देशराज ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि विद्या भारती सरस्वती विद्या मंदिरों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रही है। यह आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा और राष्ट्रीय सेवा की भावना पर भी बल देती है। योग भारती हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति ने दैनिक जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के बारे में जानकारी दी। हिमाचल शिक्षा समिति के अध्यक्ष मोहन केष्टा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सोलन नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा और पुलिस अधीक्षक टी. साई दत्तात्रेय उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें