भाटियां गांव में पोषण सप्ताह पर कार्यक्रम
पोषण प्रदर्शनी का भी आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। आईआरजी और ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से भाटियां गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को संतुलित आहार, उचित पोषण और स्वस्थ खान-पान की आदतों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में कुपोषण की रोकथाम पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत पोषण शपथ के साथ हुई। ग्रामीणों, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और परिवार व समुदाय में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान पोषण प्रदर्शनी भी लगाई, जिसमें स्थानीय अनाज, दालें, हरी सब्जियां और मौसमी फलों के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को स्थानीय और आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता सत्र में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए उचित पोषण, बच्चों की वृद्धि एवं विकास, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता पर जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी पोषण संबंधी शंकाओं का समाधान किया और पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के सुझाव दिए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता पिंकी वर्मा, कार्यक्रम अधिकारी बलजिंदर सिंह, आशा कार्यकर्ता राज, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जतिंदर कौर और पूनम तथा वार्ड पंच सुरिंदर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।