छात्र विद्यालय कुनिहार में शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में एसएमसी अध्यक्ष रंजीत ठाकुर की अध्यक्षता में शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य भूपेंद्र कौशिक व एसएमसी अध्यक्ष रंजीत ठाकुर ने उपस्थित अभिभावकों से नए शिक्षा सत्र पर चर्चा की। इस मौके पर अध्यापकों ने अभिभवकों से अपील करते हुए कहा कि अगले महीने से शुरू होने वाले शिक्षा के नए सत्र के शुरू से ही अपने बच्चों पर ध्यान केंद्रित कर विद्यालय के साथ जुड़कर हर महीने अपने बच्चे की रिपोर्ट लेते रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास अन्य लोगों को भी विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं बारे जागरूक करें। एसएमसी अध्यक्ष रंजीत ठाकुर ने अभिभावकों के साथ चर्चा कर नए सत्र से बच्चों को ट्रैक सूट लगाने व यूनिफॉर्म में भी कुछ बदलाव करने बारे निर्णय लिया गया। शिक्षा संवाद के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय विकास बारे कई सुझाव भी साझा किए। अंत में कक्षा छठी से आठवीं व नौवीं और जमा एक का वार्षिक परिणाम घोषित किया गया। इस बेहतरीन वार्षिक परिणाम के लिए एसएमसी अध्यक्ष रंजीत ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने सभी बच्चों, अभिभावकों व अध्यापकों को बधाई दी।