बीडीओ कार्यालय पट्टा में लगाए गए प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते हुए पंचायत प्रतिनिधि। संवाद
विकास खंड पट्टा में पंचायत प्रतिनिधियोंं का प्रशिक्षण शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। विकास खंड पट्टा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना तैयार करने एवं ग्राम पंचायत विकास योजना की बैठकों में इसके अनुमोदन के लिए पंचायत राज प्रतिनिधियों एवं सामुदायिक संसाधन व्यक्ति के संयुक्त कार्यान्वयन के लिए यह प्रशिक्षण शिविर था।
खंड विकास अधिकारी सतपाल ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में विकास खंड पट्टा की विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन स्वयं सहायता समूहों से पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान गरीबी उन्मूलन के लिए मनरेगा, बीपीएल एवं स्वच्छता बारे जानकारी दी गई और स्वयं सहायता समूहों के प्रबंधन एवं संचालन बारे भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रश्न काल के समय प्रशिक्षणार्थियों के प्रश्नों का संतोषजनक समाधान किया गया। प्रशिक्षण में पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीण गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम, सामुदायिक संसाधन व्यक्ति की मांग योजना के अभिसरण की जानकारी दी गई ताकि आगामी ग्राम पंचायत विकास योजना में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस शिविर में समाज शिक्षा एवं खंड योजना अधिकारी रामस्वरूप वर्मा, पंचायत निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, विकास खंड धर्मपुर से महिला समाज शिक्षा अधिकारी निर्मला रनोत, समंवयक प्रेमलता एवं प्रगति सहायक रामलाल ठाकुर ने भाग लिया।