संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार में पूर्व सैनिकों ने विद्यार्थियों को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर सेना मेडल से सम्मानित सेवानिवृत्त कैप्टन रमेश ठाकुर व सेवानिवृत्त कमांडो ललित गौतम ने ऑपरेशन सिंदूर में सेना के अद्भुत शौर्य, साहस और पराक्रम के बारे में बताया। रमेश ठाकुर ने बताया कि हमारे वीर सैनिक अत्यंत विषम परिस्थितियों में रहकर देश की सेवा करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑपरेशन सिंदूर में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी व विंग कमांडर व्योमिका सिंह से प्रेरणा लेने के लिए कहा। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय सेना में शामिल होने और नशे से दूर रहने का आग्रह किया। इस अवसर पर कक्षा 11वीं की छात्रा नीतिका ठाकुर ने भारत के वीर सैनिकों के सम्मान में मेरे वतन के लोगों देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान भारतीय सेना के सम्मान में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया।
इससे पहले कंसवाला, नवगांव और सरस्वती विद्या मंदिर दाड़लाघाट में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रेम केशव, कैप्टन नरेश, जगजीत बंटा, सूबेदार मेजर भाटिया, नायब सूबेदार नत्थू राम, कमांडो रोशन लाल ठाकुर, ललित गौतम, मनोज गौतम, राजेंद्र कंवर, बिट्टू ठाकुर, धर्मदेव, दीपक ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित रहे।