बच्चों को रिमोट कंट्रोल कार व ड्रोन की दी गई जानकारी
राष्ट्रीय अविष्कार अभियान में मानपुरा स्कूल में होगी कार्यशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुरा में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रोबोटिक इंजीनियर विनायक अग्निहोत्री रिसोर्स पर्सन रहे। विनायक अग्निहोत्री ने सभी विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियां करवाई। उन्होंने रिमोट कंट्रोल कार, फुल वेव रेक्टिफायर, हॉफ वेव रेक्टिफायर और ड्रोन को कैसे बनाया जाए इत्यादि गतिविधियां करवाईं। इस अवसर पर जब रिसोर्स पर्सन ने ड्रोन उड़ाया वह दृश्य विद्यार्थियों के लिए बहुत ही रोमांचक रहा। विद्यार्थियों के ऊपर ड्रोन ने फूलों की वर्षा भी की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को कहा कि इस तरह की गतिविधियां दैनिक जीवन में विज्ञान का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं और बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी उत्पन्न करती हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अदित कंसल, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान इंचार्ज मनीषा चौधरी, रीमा ठाकुर, गीतांजलि, याचना गुप्ता, रीना ठाकुर, डीपी वीरेंद्र, रंजीत, किरण ठाकुर, विजय इत्यादि अध्यापक एवं एसएमसी प्रधान बलदीप सिंह एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।