हिमाचल दिवस के जिलास्तरीय कार्यक्रम में मार्च पास्ट की लेंगे सलामी, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां की पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ऐतिहासिक ठोडो मैदान में हिमाचल दिवस पर 15 अप्रैल को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बतौर मुख्यातिथि शिकरत करेंगे। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। सभी अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल को मंत्री सुबह 10:40 बजे शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री तदोपरांत सुबह 10:58 बजे ऐतिहासिक ठोडो मैदान पहुंचेंगे। 11:00 बजे ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण के उपरांत उद्योग मंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे एवं सलामी लेंगे। इस अवसर पर अपने शुभकामना संदेश के माध्यम से जन-जन का मार्गदर्शन करेंगे और प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यातिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
.