बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी में सड़कों के साथ अवैध रूप से लगाई रेहड़ी-फड़ी को हटा दिया है। उद्योग विभाग ने तीन दर्जन रेहड़ियों को समान समेत जब्त किया है। इन संचालकों को पहले ही बताया था लेकिन रेहड़ी नहीं हटाई गई। विभाग की टीम ने झाड़माजरी से एलंबिक चौक तथा वहां से हरिपुर कोटला तक मार्ग को पूरी तरह से खाली कर दिया है। यहां पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से खोखे व रेहड़ियां लगा रखी थीं जिससे यहां जाम की स्थिति बनी रहती थी। रेहड़ियों के चलते अगर कोई वाहन खड़ा करता था, उतनी ही देर में जाम लग जाता था। दुकानदारों के आगे रेहड़ी होने उनकी ग्राहकी पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
विभाग की टीम ने पहले बद्दी सब्जी मंडी व हनुमान चौक को नप के साथ मिल कर साफ कराया। उसके बाद अब औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी की सडक़ों को साफ कर दिया। उद्योग विभाग के उपनिदेशक संजय कंवर ने बताया कि विभाग ने पिछले तीन दिन से यह अभियान चलाया हुआ है और बद्दी बरोटीवाला को सड़कों को साफ-सुथरा और खाली कराया जा रहा है। उन्होंने रेहड़ी फड़ी के संचालकों की पहल भी रेहड़ी उठाई थी लेकिन बाद में उनका सामान सहित लौटा दिया था लेकिन अब सामान समेत तीन दर्जन रेहड़ियां उठा ली हैं। उन्होंने बताया कि सड़कों के साथ अवैध कब्जे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।