वाहन चालकों को धूल व मिट्टी से मिलेगी राहत,आसान होगा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर से सुबाथू सड़क की टारिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। ठेकेदार ने डगरोह पुल से धर्मपुर की ओर टारिंग शुरू की है। इस परियोजना के तहत, करीब 13 किलोमीटर लंबी सड़क का काम किया जाएगा, जिसकी कुल लागत 13 करोड़ रुपये होगी। मौजूदा समय में सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे पड़े हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को कठिनाई हो रही थी। साथ ही, सड़क पर धूल और मिट्टी होने के कारण आसपास के भवनों में भी धूल का स्तर बढ़ रहा था। अब टारिंग का काम शुरू होने से न केवल वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के भवन मालिकों को भी धूल से छुटकारा मिलेगा। केंद्र सरकार ने इस सड़क के विस्तारीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को धनराशि प्रदान की है। इसके अतिरिक्त, सड़क के किनारे नालियों का निर्माण भी किया जाएगा। धर्मपुर बाजार में स्थित सुबाथू सड़क पर दुकानों के सामने भी नालियां बनाई जाएंगी। लोक निर्माण विभाग उपमंडल सुबाथू के सहायक अभियंता साहिल कुमार ने बताया कि सड़क पर ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया है, और धर्मपुर में नालियों का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।