क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में बढ़ी चर्म रोगियों की संख्या, रोजाना इलाज के लिए पहुंच रहे 20 लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में अचानक मौसम बदलाव और चिलचिलाती धूप ने लोगों की त्वचा पर असर डालना शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में पिछले एक सप्ताह में त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या में कई गुना वृद्धि दर्ज की गई है। अस्पताल प्रशासन ने आम जनता के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जानकारी के अनुसार जहां पहले त्वचा संबंधी मामलों की संख्या बहुत कम थी, अब रोजाना 15 से 20 मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. चारु सिंह ने बताया कि बारिश के बाद तेज धूप और पोलन के कारण त्वचा में दाग-धब्बे, पिंपल्स और जलन जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। मरीज तेज खारिश और दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आते हैं। डॉ. सिंह ने बताया कि यह कोई घातक बीमारी नहीं है। मरीजों को जांच के बाद दवाएं दी जा रही हैं और पुनः जांच के लिए बुलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मौसम के इस दौर में सावधानी बरतें और त्वचा रोग के लक्षण दिखते ही तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
ये है लक्षण
त्वचा में दाग-धब्बे
गले और चेहरे में जलन
शरीर में पिंपल्स
तेज खारिश और दर्द
सुरक्षा उपाय:
धूप में पूरी तरह कपड़े पहनें
संभव हो तो चेहरे को ढकें
त्वचा रोग के लक्षण दिखने पर बिना डॉक्टर की अनुमति के दवाएं न लें
तुरंत डॉक्टर से सलाह लें