संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में रेहड़ी-खोखा मार्केट से अतिक्रमण को हटा दिया है। इससे क्षेत्र पूरा सुनसान दिखाई दे रहा है। शनिवार को भी रेहड़ी-खोखा धारकों खुद ही अवैध तौर पर किए अतिक्रमण को हटाया। इससे पहले यहां पर हिमुडा की टीम ने अतिक्रमण को हटाया था। हिमुडा की कार्रवाई से घबराए रेहड़ी-खोखा धारकों ने 10 दिन का समय देने की मांग की थी। इस पर हिमुडा ने उनकी बात को सुना और समय दिया। अब समय पूरा होने से पहले ही रेहड़ी-खोखा धारकों ने खुद ही अतिक्रमण को हटा दिया है। परवाणू मे 1980 के दशक में रेहड़ी-खोखा खोखा मार्केट लगनी शुरू हो गई थी। पहले कुछेक लोग ही यहां होते थे। लेकिन बीते कुछ समय से अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा था। इसके बाद हिमुडा ने न्यायालय के आदेशों की पालना करते हुए अतिक्रमण पर कार्रवाई कर दी थी। इसी के साथ काली मिट्टी के समीप से सरकारी जमीन से अतिक्रमण को हटाया गया था। इसी के साथ अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम में परवाणू थाने के पास बनी सरकारी जमीन पर अवैध तौर पर लगाई गई झुग्गियों को हटाया गया। दूसरी ओर परवाणू नगर परिषद की ओर से अभी तक वेंडर मार्केट नहीं बनाई गई है। वेंडर मार्केट के लिए कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने घोषणा इसकी की थी। लेकिन मार्केट का निर्माण बीते कई सालों में नहीं हो पाया। उधर, एसडीएम महेंद्र प्रताप ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन का समय दिया गया था। अब समय लगभग पूरा हो गया है।
नगर परिषद पिछले कुछ समय से किसी कारणवंश वेंडर मार्केट का निर्माण नहीं कर पाई। इसकी शीघ्र औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएगी और मार्केट का निर्माण करवाया जाएगा।
-लखविंदर सिंह, उपाध्यक्ष, नगर परिषद परवाणू।