बीडीओ ने सफाई व्यवस्था पर सचिव समेत अन्य कर्मियों के लगाई फटकार
1 अप्रैल तक व्यवस्था सुधारने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। ग्राम पंचायत धर्मपुर क्षेत्र में खुले में गंदगी पाए जाने पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने पंचायत सचिव समेत अन्य कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अवहेलना करने पर 5,000 तक जुर्माना लगाया जाएगा। वीरवार को खंड विकास अधिकारी रमेश शर्मा की अध्यक्षता में सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सचिव नरेंद्र कुमार और वेस्ट वॉरियर संस्था के सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में कचरा प्रबंधन को लेकर ठोस नीति अपनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सवाल उठाया कि घर-घर से कूड़ा उठाने के बावजूद सड़कों पर गंदगी क्यों फैल रही है। धर्मपुर बाजार में कूड़ा जलाने के मामले पर भी जवाब तलब किया गया। पंचायत सचिव को 1 अप्रैल से पहले व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बैठक में वेस्ट वॉरियर संस्था के सदस्य सुनील कटवाल की टीम ने भी विस्तृत चर्चा की। निर्णय लिया गया कि वार्ड स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
100 रुपये कूड़ा शुल्क का विरोध
ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा लगाए गए 100 कूड़ा शुल्क का विरोध किया है। लोगों का कहना है कि नगर निगम सोलन में यह शुल्क 50 से अधिक नहीं है, ऐसे में पंचायत द्वारा अधिक शुल्क लेना अनुचित है। इससे भुगतान लंबित हो रहा है और लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
इनसेट
कूड़ा उठाने का समय तय न होने से भी परेशानी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कूड़ा उठाने के लिए आने वाले कर्मी कोई तय समय का पालन नहीं करते। कई बार वे सुबह 8 बजे आते हैं, जिससे नौकरीपेशा लोगों को दिक्कत होती है। लोगों ने नियमित और तय समय पर कूड़ा उठाने की व्यवस्था की मांग की है।