लोगों को पैसे निकालने की नहीं मिल पा रही सुविधा
अन्य बैंकों में पैसे निकालने के लिए देना पड़ रहा अधिशुल्क
स्थानीय लोग बैंक प्रबंधन से कर चुके हैं मशीन ठीक कराने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर धर्मपुर बाजार और कसौली चौक पर लगे एसबीआई के एटीएम खराब पड़े हैं। इससे स्थानीय लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन मशीन के खराब रहने से लोगों को पैसे निकालने के लिए अन्य बैंकों के एटीएम का सहारा लेना पड़ रहा है। इस कारण तय सीमा से ऊपर पैसे निकालने के लिए उन्हें अधिशुल्क भी अदा करना पड़ता है। स्थानीय लोग कई बार मशीन के खराब होने की शिकायत बैंक प्रबंधकों से कर चुके हैं। लेकिन अभी तक न तो मशीन को बदला जा रहा है और न ही बैंक प्रबंधक इस ओर कोई ध्यान दे रहा है। वहीं इसके साथ ही पीएनबी के एटीएम में रुपयों की कमी रहती है।
एसबीआई का एटीएम खराब और पीएनबी में पैसे की कमी से एटीएम की बेहतर सुविधा लोगों को नहीं मिल रही है। वहीं एसबीआई और पीएनबी के उपभोक्ताओं का कहना है कि बैंकों के अधिकारी उपभोक्ताओं को दी जाने वाली सुविधाओं की अनदेखी कर रहे हैं। लापरवाही के कारण स्थानीय और बाहरी लोगों को एटीएम की सुविधा नहीं मिल पा रही है। धर्मपुर बाजार में तीन एटीएम लगे हैं। इनमें से एक एसबीआई और दूसरा पीएनबी और तीसरा एचडीएफसी बैंक का है। लेकिन तीनों ही एटीएम तकनीकी रूप से खराब रहने के कारण सवालों के घेरे में हैं। पीएनबी एटीएम में कई बार पैसों की कमी रहती है। ऐसे में लोग एचडीएफसी बैक का एटीएम का प्रयोग करते हैं।
वहीं कालका-शिमला हाईवे पर हजारों की संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। कई बार लोग पैसे निकालने के लिए इन एटीएम का सहारा लेते हैं। लेकिन उन्हें निराश लौटना पडता है। धर्मपुर बाजार में लगे एसबीआई, पीएनबी के एटीए सैकड़ों लोगों की सुविधा से जुड़ा है। स्थानीय निवासी नागेद्र्र, गोपाल, सलोचना, रचना, सुनील आदि ने कहा कि कई बार रात के समय आपातकालीन स्थिति में एटीएम की सुविधा नहीं मिल पाती है। लोगों ने एसबीआई व पीएनबी के अधिकारियों से मांग की है कि एटीएम को जल्द ठीक करवाया जाए ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।