गेट तोड़कर फिर लोगों ने लगा लिए वाहन
नगर निगम ने काफी समय पहले लगाया था गेट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के मुख्य भंडारण टैंक के पास स्थानीय लोगों ने अवैध पार्किंग बना दी है। इससे टैंक पर तैनात कर्मचारियों को परेशानी आ रही है। कई बार कर्मचारी लोगों को टैंक के पास वाहन खड़ा करने के लिए मना कर चुके हैं। लेकिन फिर भी लोग नहीं मान रहे हैं। हैरत की बात तो यह है कि लोगों ने वाहन पार्क करने के लिए टैंक के पास लगाया गेट भी तोड़ दिया है। निगम की ओर से काफी समय पहले गेट लगाया था।
गौर रहे कि वार्ड 10 में पार्किंग की काफी समस्या है। लोगों को वाहन पार्क करने के लिए कोई जगह नहीं बनाई है। ऐसे में टैंक को जाने वाले रास्ते में भी अवैध तौर पर पार्किंग की जा रही है। कई बार यहां पर जाम की समस्या से भी जूझना पड़ता है। अब लोगों ने टैंकों के पास भी वाहन खड़े करने शुरू कर दिए हैं। गेट तोड़ने के बाद भी नगर निगम नींद से नहीं जागा है और अवैध पार्किंग को नहीं हटवा रहा है। टैंक पर तैनात कर्मचारी भी इस बारे निगम के उच्चाधिकारियों को बता चुके हैं। फिर भी कोई कार्रवाई अभी तक निगम ने नहीं की है।