इग्नू अध्ययन केंद्र सोलन में ऑनलाइन दीक्षांत बैठक का आयोजन
शिक्षा सत्र 2026 के 55 नए विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र 1103 सोलन ने जनवरी 2026 सत्र के नव प्रवेशित छात्रों के लिए गूगल मीट के माध्यम से एक ऑनलाइन दीक्षांत बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को इग्नू की शैक्षणिक प्रणाली, सत्रीय कार्य जमा करने की प्रक्रिया, परीक्षा नियमों, अध्ययन सामग्री और छात्र सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जागरूक करना था। इग्नू अध्ययन केंद्र सोलन के समन्वयक डॉ. दीपक गुप्ता ने सभी नए छात्रों का स्वागत किया। उन्होंने छात्रों को अध्ययन केंद्र की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक परामर्श शेड्यूल, स्टूडेंट पोर्टल के उपयोग और परीक्षाओं व असाइनमेंट से जुड़े महत्वपूर्ण दिशानिर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। इस ऑनलाइन बैठक में लगभग 55 नव प्रवेशित छात्रों ने हिस्सा लिया। संवाद सत्र के दौरान छात्रों ने प्रवेश पुष्टि, अध्ययन सामग्री मिलने में देरी, असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि, काउंसलिंग कक्षाओं और परीक्षा से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न रखे, जिनका मौके पर ही संतोषजनक निवारण किया गया। कार्यक्रम के अंत में सहायक समन्वयक डॉ. अनिल ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने बैठक में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए छात्रों की सराहना की और उन्हें बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन व सहायता के लिए नियमित रूप से अध्ययन केंद्र के संपर्क में रहने के लिए प्रेरित किया।