अर्की में पुलिस और दवा निरीक्षक राकेश कौशल ने दवाओं की दुकानों का औचक निरीक्षण
कहा-नशा बेचने वालों के बारे में पुलिस को दें जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। नशे के विरुद्ध अभियान के तहत अर्की में पुलिस और दवा निरीक्षक राकेश कौशल के नेतृत्व में दवाओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। दवा निरीक्षक अर्की राकेश कौशल ने बताया कि अगर कोई मेडिकल स्टोर संचालक नशीली दवाइयों को बेचता हुआ पकड़ा जाता है, तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। इस दौरान दुकानों के सेल और परचेज रजिस्टर की छानबीन की गई। अधिकारियों ने दवा विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी किए कि बिना डॉक्टर की पर्ची के कोई भी दवाई या सिरिंज नहीं दी जाए। निरीक्षण के दौरान दवा निरीक्षक अर्की राकेश कौशल ने दुकानों में रखी सभी दवाइयों की बारीकी से जांचा। उधर, डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने लोगों से आग्रह किया कि नशे के खात्मे को लेकर जारी जंग में पुलिस का साथ दें और अवैध तरीके से नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें। आगामी समय में भी इस तरह की छापेमारी की जाएगी। इस मौके पर एसएसआई अर्की सतपाल सिंह भी मौजूद रहे।