वार्डों में न तो उठ रहा कूड़ा, सड़कों की हालत पैदल चलने लायक नहीं
लोगों का आरोप, निगम बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में रहा विफल
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर निगम बद्दी क्षेत्र में हाउस टैक्स जमा कराने को लेकर निगम की ओर से एसएमएस भेजे जाने के बाद लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं, तो आखिर किस आधार पर टैक्स वसूला जा रहा है।
पूर्व पार्षद तरसेम चौधरी और भाजपा एससी मोर्चा दून के अध्यक्ष राज संधू ने निगम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कई वार्डों में सड़कों की हालत बदतर है, नालियां टूटी हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड-8, 5, 9 सहित अन्य क्षेत्रों में हालात लंबे समय से खराब हैं, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। ऐसे में अचानक हाउस टैक्स वसूली के आदेश जारी करना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में विफल रहा है। साथ ही जिन क्षेत्रों को हाल ही में नगर निगम में शामिल किया गया था, उन्हें सरकार की ओर से तीन साल तक टैक्स में राहत देने का वादा किया गया था, लेकिन इसके बावजूद लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। यह जनता के साथ धोखा है। राज संधू ने सरकार से मांग की कि नए शामिल किए गए क्षेत्रों को या तो टैक्स से छूट दी जाए या उन्हें निगम क्षेत्र से बाहर किया जाए। कहा कि बीबीएन क्षेत्र में पहले ही सफाई सेस लगाया जा चुका है, ऐसे में अतिरिक्त टैक्स थोपना जनता के साथ खिलवाड़ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को ठीक नहीं किया जाता, तब तक टैक्स नहीं लगाया जाए।
उधर, नगर निगम बद्दी के जॉइंट कमिश्नर अंकुर ठाकुर ने कहा कि विभाग की ओर से कोई नया हाउस टैक्स नहीं लगाया गया है। वर्ष 2017 की नीति के तहत जिन क्षेत्रों का सर्वे पूरा हो चुका है, केवल उन्हीं को ऑनलाइन संदेश जा रहे हैं।