एकलगीत में डॉ. किरण, समूहगीत में वानिकी कॉलेज रहा अव्वल
नौणी विश्वविद्यालय में कर्मचारी खेल व सांस्कृतिक मीट का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौणी विश्वविद्यालय में आयोजित पहली विश्वविद्यालय कर्मचारी खेल और सांस्कृतिक मीट में बागवानी महाविद्यालय ओवरऑल विजेता बना। समापन समारोह में अनुसंधान निदेशक डॉ. संजीव चौहान मुख्यातिथि रहे।
उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया। एकलगीत श्रेणी में डॉ. किरण की हिमाचली लोकगीत की प्रस्तुति ने प्रथम स्थान हासिल किया। बागवानी से डॉ. नीलम और थुनाग से डॉ. शिवानी ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। समूहगीत श्रेणी में वानिकी महाविद्यालय ने प्रथम, बागवानी ने दूसरा और प्रशासनिक ब्लॉक ने तीसरा स्थान हासिल किया।
लोकसमूह नृत्य में प्रशासनिक ब्लॉक ने जीत हासिल की। इसमें नेरी और थुनाग दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। महिला कबड्डी में हॉर्टिकल्चर ने थुनाग को हराकर जीत हासिल की। पुरुषों के वॉलीबाल में फॉरेस्ट्री की टीम नेरी पर विजेजा रहे, जबकि हॉर्टिकल्चर की टीम ने नेरी को हराकर महिला वर्ग का फाइनल जीता। क्रिकेट में बागवानी ने प्रशासनिक ब्लॉक को हराया, जबकि महिला वर्ग में थुनाग ने बागवानी को पराजित किया। नेरी ने पुरुष टेबल टेनिस में हॉर्टिकल्चर को हराकर जीत हासिल की। हॉर्टिकल्चर ने महिला वर्ग में वानिकी के खिलाफ जीत हासिल की। शतरंज में नेरी ने थुनाग को हराया जबकि महिला वर्ग में थुनाग ने नेरी को हराकर फाइनल जीता। रस्साकशी में प्रशासनिक खंड ने वानिकी को हराया, महिला वर्ग में थुनाग विजेता बना।
विकास ने लंबी कूद में जीत हासिल की, जबकि प्रांजल दूसरे और लकी तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की लंबीकूद में डॉ. नेहा प्रथम, अंजलि दूसरे और डॉ. रीना तीसरे स्थान पर रहीं। जेवलिन थ्रो में डॉ. प्रवीण पहले, डॉ. राजीव दूसरे और डॉ. आरके ढाका तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में रेखा पहले, अंजलि दूसरे और प्रिया तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में विभिन्न अनुसंधान स्टेशनों, कृषि विज्ञान केंद्रों और कॉलेजों में कार्यरत विश्वविद्यालय कर्मचारियों की पांच टीमें ने भाग लिया। टीमों में मुख्य परिसर से बागवानी कॉलेज और वानिकी कॉलेज के साथ-साथ नेरी, थुनाग के कॉलेजों और प्रशासनिक ब्लॉक की टीमें शामिल रहीं।