अर्की (सोलन)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 30वीं वाहिनी जालंधर के कमांडेंट पवन गुप्ता को प्रतिष्ठित डीजी गोल्डन डिस्क पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान राजस्थान के अलवर में आयोजित बल के 65वें स्थापना दिवस समारोह में प्रदान किया गया। आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कार्यकुशलता के लिए यह पुरस्कार दिया। पवन गुप्ता को यह पुरस्कार दो सितारों और एक प्रशस्ति पत्र के साथ मिला। इसी समारोह में 30वीं वाहिनी जालंधर को भी स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वत्र स्वच्छ वाहिनी पुरस्कार से नवाजा गया। वाहिनी की ओर से यह पुरस्कार भी पवन गुप्ता ने ही प्राप्त किया। पवन गुप्ता इससे पहले श्रीनगर में द्वितीय कमान अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में आईटीबीपी की 30वीं वाहिनी, जालंधर में कमांडिंग ऑफिसर हैं। इस उपलब्धि से उनके गृह क्षेत्र अर्की में खुशी का माहौल है।