नालागढ़ में हिम परिवेश संस्था के पदाधिकारी बैठक में भाग लेते हुए- स्रोत- संस्था।
एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन, न्यू चंडीगढ़ टाउनशिप में जमीन देने का भी जताया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। क्षेत्र में बढ़ते अवैध खनन और भूमि अधिग्रहण के मुद्दों को लेकर हिम परिवेश संस्था ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को संस्था नालागढ़ में विशाल प्रदर्शन और रोष रैली निकालेगी। नालागढ़ विश्राम गृह में संस्था के अध्यक्ष लक्ष्मी चंद ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक में वक्ताओं ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि प्रशासन की पाबंदी के बावजूद रात के समय चोरी-छिपे खनन जारी है। मलहेणी पंचायत का एक गांव तो अवैध खनन के कारण लगातार खिसक रहा है। इस मुद्दे पर पूर्व प्रधान आमरण अनशन पर बैठने जा रहे हैं, जिन्हें संस्था ने पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। संस्था ने शीतलपुर और मलपुर की जमीन को न्यू चंडीगढ़ टाउनशिप में शामिल करने का कड़ा विरोध किया है। अध्यक्ष लक्ष्मी चंद ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार सुबह रैली निकालने के बाद एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में महासचिव बाल किशन, नप अध्यक्ष वंदना बंसल, नरेश घई, हरदीप सिंह और मोहन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।