बरोटीवाला के हेलीपेड के साथ लगे कूड़े के ढेर को सफाई कर्मचारियों ने किया साफ- संवाद।
20 दिन से नहीं उठा था कूड़ा, गंदगी से लोगों को उठानी पड़ रही थी दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बरोटीवाला में हेलीपैड के समीप पिछले 20 दिन से लगे कूड़े के ढेर को नगर निगम की सफाई कंपनी के ठेकेदार ने हटा दिया हैं। इस कूड़े के कारण भोजन की तलाश में पशु इधर-उधर घूमते थे और आसपास गंदगी फैल रही थी। इस समस्या को अमर उजाला में 8 मार्च को मेरी आवाज सुनो में उठाया गया था। इस मामले को स्थानीय निवासी सलिंद्र सिंह ने अमर उजाला के माध्यम से प्रकाशित कराया था। इसके बाद नगर निगम के अधिकारी सक्रिय हुए और मंगलवार को कूड़ा हटा दिया। हेलीपैड के पास नगर निगम की सब्जी मंडी संचालित हो रही है, लेकिन यहां कूड़े के निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है। सब्जी विक्रेता बची हुई और खराब सब्जी पॉलीथीन में बंद करके फेंक देते हैं, जिससे लावारिस पशु इसे बिखेर देते हैं और पॉलीथीन खाने से बीमार भी हो रहे हैं। बरोटीवाला निवासी राजेंद्र राणा ने बताया कि जब नए वेंडर नगर निगम की ओर से खोले जाते हैं, तो सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं। लेकिन यहां किराया वसूलने के चक्कर में वेंडर सड़क पर ही खोले गए हैं। न तो कूड़ेदान है और न ही शौचालय की सुविधा। इस कारण सब्जी विक्रेता खुले में कूड़ा फेंक रहे हैं। नगर निगम की अधिशासी अभियंता सुमित आजाद ने बताया कि हेलीपैड के पास जमा कूड़ा साफ कर दिया गया है। कंपनी को रूटीन सफाई के लिए निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे भविष्य में कूड़ा जमा न हो।