क्षेत्रीय अस्पताल के स्टोर में धूल फांक रही पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन
पुरानी मशीन से लिया जा रहा काम, रोजाना हो रहे केवल 30 अल्ट्रासाउंड
अस्पताल में 60 से अधिक मरीजों को लिखा जाता है अल्ट्रासाउंड, चार माह पहले आई थी मशीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में प्रशासन की ओर से पुरानी अल्ट्रासाउंड मशीन से ही काम चलाया जा रहा है। इस कारण केवल 25 से 30 मरीजों के ही अल्ट्रासाउंड हो पा रहे हैं। अस्पताल को मिली पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन स्टोर में धूल फांक रही है। इनकी सुविधा मरीजों को अभी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में मरीजों को निजी क्लीनिकों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोजाना 60 से अधिक मरीजों को अल्ट्रासाउंड लिखा जाता है। अस्पताल में उपयोग हो रही अल्ट्रासाउंड मशीन 10 साल से भी ज्यादा पुरानी है। ऐसे में कुछ अल्ट्रासाउंड करने के बाद ही बंद हो जाती है। इस कारण दिनभर केवल 25 से 30 मरीजों को ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल पाती है। अस्पताल में 130 रुपये में अल्ट्रासाउंड किया जाता है, जबकि निजी क्लीनिक में 500 से 600 रुपये तक लिए जाते हैं। कम क्षमता होने और छोटा वर्जन होने के कारण इसके स्थान पर प्रशासन की ओर से सरकार को आधुनिक मशीन की मांग भेजी गई है।
अस्पताल में उपयोग हो रही पुरानी मशीन कई बार बंद हो जाती है। ऐसे में मरीजों को बिल कट जाने के बाद भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलती है। ऐसे में उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा जाता है।
इनसेट
अस्पताल प्रशासन की ओर से सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए ऐसी मशीन की मांग भेजी गई है, जो आसानी से 70 से 80 मरीजों के अल्ट्रासाउंड कर सके। ऐसे में चिकित्सकों के साथ मरीजों को भी आधुनिक मशीनों की सुविधा मिल सकती है। हालांकि अब तक सरकार की ओर से मंजूरी नहीं मिली है।
कोट
अस्पताल में एक ही रेडियोलॉजिस्ट है। ऐसे में दो अल्ट्रासाउंड मशीनों का उपयोग करना मुश्किल है। नई अल्ट्रासाउंड मशीन पोर्टेबल है। ऐसे में उसे वार्डों में मरीजों के टेस्ट के लिए उपयोग किया जा सकता है। नए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में इस मशीन की सुविधा को शुरू किया जाएगा।
-डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन