ऑनलाइन माध्यम से हुई स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक
जिले में चल रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों व सेवाओं की जांची रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य विभाग सोलन की ओर से मंगलवार को ऑनलाइन माध्यम से समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने जिले में चल रहे विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। बैठक में टीबी मुक्त अभियान और एचपीवी अभियान में भी लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिले में टीबी मुक्त अभियान के तहत लोगों की जांच को बढ़ाया जाए। साथ ही जिन गांवों में शिविर नहीं लगे हैं, वहां भी लोगों को जागरूक किया जाए। बलगम के सैंपल लेकर अस्पतालों में जांच की जाए। उन्होंने कहा कि एचपीवी अभियान में अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। इसके लिए भी स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ाया जाना चाहिए। इसमें गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं फॉलोअप, मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं के प्रारंभिक पंजीकरण, प्रसवपूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल, नवजात शिशुओं की देखभाल और गर्भवती महिलाओं की एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस संबंधी जांच की प्रगति का विशेष रूप से विश्लेषण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने फील्ड स्तर पर गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच के लिए आवश्यक जांच किट की उपलब्धता एवं आपूर्ति से संबंधित रिपोर्ट में सामने आई कमियों पर भी चर्चा की।