स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
लोक निर्माण विभाग व ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने की हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के कथेड़ में निर्माणाधीन सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक को जल्द ही बिजली और पानी के कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित विभागों को तुरंत काम शुरू करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। बिजली और पानी की सुविधा बहाल होते ही यहां अत्याधुनिक मेडिकल मशीनों को स्थापित करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार के साथ बैठक कर ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए इसे तय समय के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। सरकार की ओर से अब तक सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए आधुनिक एमआरआई और मेमोग्राफी मशीन की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा, ब्लॉक में एक अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की जानी है, जिसकी औपचारिक मंजूरी अभी बाकी है। इससे पहले सरकार द्वारा भेजी गई मशीन की टेस्ट कैपेसिटी कम होने के कारण प्रशासन ने उसे वापस भेजकर उच्च क्षमता वाली मशीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने दावा किया है कि अस्पताल का निर्माण कार्य दिसंबर के अंत तक पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा। वहीं, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने बताया कि भवन का अंदरूनी काम तेजी से चल रहा है। सरकार की ओर से ठेकेदार और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। बिजली और पानी का कनेक्शन जुड़ते ही मशीनों को इंस्टॉल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।