कथेड़ में अस्पताल के नए भवन के निरीक्षण के दौरान मंत्री और अन्य अधिकारी। स्त्रोत डीपीआरओ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने मंगलवार को सोलन के कथेड़ में निर्माणाधीन अत्याधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाएगा, ताकि सोलन, शिमला और सिरमौर के निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हो सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को अस्पताल को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस 200 बिस्तर वाले बहुउद्देशीय अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर के साथ-साथ मातृ-शिशु इकाई का भी पृथक निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल के निर्माण पर लगभग 200 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं और निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो गया है। डॉ. शांडिल ने कहा कि बहुउद्देशीय अस्पताल के लिए धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, नगर निगम के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सेठी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चंद बरमानी, संधीरा सिंह, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक और लोक निर्माण विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता अजय शर्मा उपस्थित रहे।