कुकिंग ऑयल सब-स्टैंडर्ड के साथ निकला अनसेफ,खजूर भी खाने लायक नहीं
दिसंबर में भरा गया था सैंपल, सीटीएल कंडाघाट में की गई थी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मालिक को भेजा नोटिस, 30 दिन में मांगा जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सनवारा स्थित एक नामी मिठाई की दुकान और रेस्तरां में लोगों की सेहत के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। इस दुकान के दो सैंपल फेल हो गए हैं। खाद्य पदार्थों को तैयार करने के लिए प्रयोग होने वाला कुकिंग ऑयल ही अनसेफ निकला है। इसी के साथ कुकिंग ऑयल का सैंपल सब-स्टैंडर्ड कैटेगरी में भी आया है। वहीं, इसी मिठाई दुकान में बेचा जा रहा ड्रायडेट (खजूर) का सैंपल भी फेल हो गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपल के फेल होने पर नोटिस भेज दिया है। आगामी 30 दिनों में जवाब मांगा है। इसी के साथ कागजात को भी कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इसके बाद विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग की ओर से ये सैंपल दिसंबर में भरे गए थे। इसे जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजा था। जहां से हाल ही में रिपोर्ट विभाग के पास आई है। एफएसएसएआई के मानकों के अनुसार, खाना पकाने के तेल को बार-बार गर्म करने से उसमें जहरीले तत्व बनने लगते हैं। यदि तेल का पोलर कंपाउंड 20 फीसदी से अधिक हो जाता है, तो उसे दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। जांच में खुलासा हुआ कि सनवारा की इस दुकान में कुकिंग ऑयल को इतनी अधिक बार गर्म किया गया कि वह स्वास्थ्य के लिए घातक स्तर तक पहुंच गया।वहीं, आगामी दिनों में विभाग की ओर से मिठाई की दुकान से मिठाइयों समेत अन्य चीजों के भी सैंपल भरे जाएंगे।
दिसंबर में भरे गए थे सैंपल, अब थमाया नोटिस
विभाग ने दिसंबर माह में औचक निरीक्षण के दौरान कुल 55 सैंपल भरे थे, जिन्हें जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजा गया था। हाल ही में आई रिपोर्ट में सनवारा की इस नामी दुकान के सैंपलों में चौंकाने वाली कमियां पाई गईं। विभाग ने अब दुकान मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी कर 30 दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
कोट
सनवारा स्थित मिठाई की दुकान के दो सैंपल फेल हुए हैं। ऑयल अनसेफ और सब-स्टैंडर्ड पाया गया है। इसके अलावा खजूर का सैंपल भी फेल हुआ है। मालिक को नोटिस जारी कर दिया गया है। जवाब आने के बाद कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- डॉ. अतुल कायस्थ, सहायक आयुक्त, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग।