संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर में स्वयंसेवियों ने संपूर्ण विद्यालय परिसर की सफाई की। स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ एजुकेट मीना चौहान, वीना और आशा वर्कर ऊषा ने विद्यालय में स्रोत व्यक्ति के रूप में पहुंचे। मीना चौहान ने स्वयंसेवियों का ध्यान स्वास्थ्य व स्वच्छता पर केंद्रित करते हुए स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसमें मानसिक स्वास्थ्य व्यक्तिगत स्वास्थ्य और तंबाकू सेवन से होने वाले प्रभाव आदि मुख्य हैं। उन्होंने बताया कि नहाने और हाथ धोने जैसी आदतों के माध्यम से अपने शरीर को साफ रखना, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच के माध्यम से भावनात्मक और व्यावहारिक स्वास्थ्य को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि यदि हम स्वास्थ्य स्वच्छता और पर्यावरणीय स्वच्छता दोनों में संतुलन बनाए रखेंगे तभी हम बीमारियों से बच सकते हैं। अंत में उन्होंने आयुष्मान कार्ड और हिम केर के बारे में भी बच्चों को विस्तृत जानकारी दी।