संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मां शूलिनी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर के विभिन्न स्थानों पर छह से अधिक एंबुलेंस तैनात की गई हैं, जिनमें ठोडो मैदान, सर्कुलर रोड, पुराना बस अड्डा और क्षेत्रीय अस्पताल क्षेत्र शामिल हैं। ठोडो मैदान में एमबीबीएस डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी दुर्घटना या चोट की स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और प्रशिक्षुओं को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है और एंबुलेंस सेवाएं लगातार सक्रिय हैं।