अर्की (सोलन)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को कोठी कुनाल में निक्षय शिविर एवं एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की तथा टीबी एवं एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान काउंसलर विजय कुमार शांडिल, एचआईवी काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सर्विसेज सिविल हॉस्पिटल अर्की ने उपस्थित लोगों को एचआईवी एड्स के बारे में विस्तार से जागरूक किया। बताया कि एचआईवी एक वायरस है जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को प्रभावित करता है। एचआईवी संक्रमण की जानकारी समय पर होने से व्यक्ति उचित चिकित्सा परामर्श एवं उपचार प्राप्त कर सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने लोगों से एचआईवी से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रांति या सामाजिक भेदभाव से बचने तथा जरूरत पड़ने पर एचआईवी की जांच करवाने का आह्वान किया। शिविर के दौरान 72 लोगों के एक्स-रे किए गए। इस अवसर पर डॉ. चार्वी गुप्ता, मेडिकल ऑफिसर, मंजू ने भी स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।