बद्दी (सोलन)। नोबल चैरिटी वेलफेयर सोसायटी ने बद्दी के निकट श्री राधे गोशाला में स्वास्थ्य एवं जनसेवा शिविर लगाया। शिविर में कुल 535 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। 200 लोगों ने रक्तदान किया। 135 की आंखों की जांच हुई और 150 ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। यह सोसायटी का 30वां रक्तदान शिविर था। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कश्यप ने जनसेवा के ऐसे आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताया। शिविर में 50 लोगों को न्यूरोथैरेपी की सुविधा भी मिली। नोबल चैरिटी वेलफेयर सोसायटी जरूरतमंद मरीजों के आंखों के ऑपरेशन का खर्च वहन करेगी। सोसायटी के संचालक उर्मिला चौधरी और गुरमेल चौधरी ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध करवाना संस्था की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जरूरतमंद दिव्यांग लोगों को छह व्हीलचेयर वितरित की गईं। आंखों की जांच के लिए कपिल आई अस्पताल, अंबाला की विशेषज्ञ टीम ने सेवाएं दीं। न्यूरोथैरेपी वेलनेस सेंटर की न्यूरोथैरेपिस्ट मोहिंदर पाल की टीम ने सेवाएं दीं। भोजिया डेंटल कॉलेज की टीम ने निशुल्क दंत जांच की। वृंदावन आयुर्वेदिक चिकित्सालय की टीम ने फिजियोथैरेपी सेवाएं उपलब्ध कराईं। ग्लेनमार्क फाउंडेशन की टीम ने सामान्य स्वास्थ्य जांच की, जिसमें रक्त शर्करा और रक्तचाप की जांच शामिल थी। रक्तदान शिविर में पीजीआई की टीम ने रक्त संग्रह किया। इस मौके पर पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, विधि चंद राणा और संजीव ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष हंसराज चंदेल और मंडल अध्यक्ष मानसिंह मेहता उपस्थित रहे।