बरोटीवाला (सोलन)। रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजीव धीमान ने बताया कि बद्दी में 28 से 30 नवंबर तक वर्धमान चौक के समीप मैदान में जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। 28 नवंबर को मेगा स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य शिविर में सामान्य रोगों, स्त्री एवं प्रसूति रोगों, नेत्र रोगों, नाक-कान-गला, हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं सहित शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दांतों की जांच क्श्र परामर्श भी दिया जाएगा। फिजियोथेरेपी की सुविधा के साथ हड्डियों एवं मांसपेशियों से संबंधित समस्याओं, कमर एवं गर्दन के दर्द तथा शारीरिक गतिविधियों से संबंधित अन्य समस्याओं की जांच भी उपलब्ध रहेगी। एचआईवी जांच एवं परामर्श, टीबी स्क्रीनिंग तथा हैंड हेल्ड एक्सरे की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आयुष्मान भारत एवं हिमकेयर कार्ड बनाने तथा पुराने कार्डों को अपडेट करने की व्यवस्था की जाएगी। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का निशुल्क टीकाकरण भी किया जाएगा। पात्र वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, छड़ी, बैसाखी एवं अन्य आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।