बद्दी अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार योजना के तहत शिविर में महिलाओं की जांच करते हुए- स्ं
सिविल अस्पताल बद्दी में स्वस्थ नारी,सशक्त परिवार अभियान के तहत लगाया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। सिविल अस्पताल बद्दी में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 64 गर्भवती महिलाओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम के साथ-साथ एक जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने गर्भवती माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, नियमित चिकित्सकीय परामर्श, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों एवं टीकाकरण के महत्व, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल और नवजात शिशुओं को जन्म के बाद छह माह तक केवल स्तनपान कराने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सत्र में उपस्थित माताओं ने बड़ी उत्सुकता से भाग लिया और अनेक प्रश्न पूछे। सभी प्रश्नों का समाधान स्वास्थ्य टीम की ओर से किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। यह शिविर ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से आईआरजी संस्था ने लगाया।