रामशहर में जनकल्याण समिति की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में जांच करवाते हुए लोग। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। जन कल्याण समिति ने बहरोटा गांव में शिव मंदिर समिति के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इसमें मानव अस्पताल नालागढ़ और नवकिरण आई अस्पताल के डॉक्टरों ने 100 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। यह शिविर जन कल्याण समिति द्वारा अब तक आयोजित किए गए 50 से अधिक सफल शिविरों की श्रृंखला का हिस्सा था। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पूर्व अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष और भारतीय राष्ट्रीय पेंशनर्स महासंघ के जिला उपाध्यक्ष हरदेव सिंह मौजूद रहे। उनके साथ वार्ड सदस्य किरत राम और पूर्व सूबेदार जगत राम भी विशेष रूप से उपस्थित थे। शिव मंदिर समिति के सदस्य तरसेम विक्की, सुरेंद्र पारस और रमेश ने भी शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान डॉक्टरों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य जागरूकता और समय पर उपचार की महत्ता के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर रोगियों को निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। शिविर के बाद शिव मंदिर समिति द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया।