भारतीय सेना जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के लगाए नारे
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। पाकिस्तान और पीओके में मंगलवार रात को भारतीय सेना की ओर से की गई एयर स्ट्राइक को लेकर कुनिहार में लोगों ने खुशी मनाई। लोगों ने कहा कि सेना ने पाकिस्तान व पीओके में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर पहलगाम में कायराना तरीके से मारे गए निर्दोष लोगों का बदला लेकर करोड़ों भारतवासियों का सीना फक्र से ऊंचा कर दिया है। बुधवार सुबह जैसे ही इसकी खबर पता चली तो क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। लोग पटाखे फोड़कर जश्न मनाने लगे। इस दौरान भारतीय सेना के जज्बे को देखते हुए हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाकर खुशी जाहिर की। कुनिहार क्षेत्र में भी लोग तिरंगे झंडे लेकर घरों से बाहर निकले व खुशी मनाई। इस दौरान लोगों ने खूब पटाखे फोड़े। कुनिहार बाजार में रैली निकाल भारतीय सेना जिंदाबाद व पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। सामाजिक कार्यकर्ता कौशल्या कंवर ने कहा कि भारतीय सेना व केंद्र सरकार का आभार प्रकट करते हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक पूरा कर पाकिस्तान को सबक सिखाया।